मुख्यमंत्री के प्रधान मीडिया सलाहकार नरेश चौहान ने कहा कि हिमाचल भाजपा के नेता आपदा के समय राजनीतिक लाभ के लिए भ्रामक बयान दे रहे हैं, जो जनता को भ्रमित करने वाला और गैर-जिम्मेदाराना है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार लगातार राहत और पुनर्वास कार्यों में जुटी हुई है, जबकि भाजपा नेता गलत आरोप लगाकर राजनीति कर रहे हैं।
चौहान ने बताया कि राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी सहित मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री और कई मंत्री प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर चुके हैं। उन्होंने विपक्ष को याद दिलाया कि मुख्यमंत्री ने सराज में रात्रि ठहराव कर राहत कार्यों की निगरानी भी की थी।
उन्होंने कहा कि इस आपदा में अब तक 419 लोगों की मौत और हजारों लोग बेघर हुए हैं। वर्ष 2023 में करीब 10,000 करोड़ और वर्ष 2025 में लगभग 5,000 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है, जबकि केंद्र से मिली सहायता राशि जरूरत से बेहद कम है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा घोषित 1,500 करोड़ रुपये की राशि पर भी अभी तक कोई अधिसूचना राज्य सरकार को नहीं मिली है।
सांसद कंगना रणौत के केंद्र से 10,000 करोड़ रुपये जारी होने के दावे को खारिज करते हुए चौहान ने कहा कि भाजपा नेताओं को झूठे आरोप लगाने की बजाय राज्य सरकार के साथ मिलकर केंद्र से उदार वित्तीय सहायता दिलाने का प्रयास करना चाहिए।

























