स्टाफ रिपोर्टर — मंडी
हिमाचल प्रदेश में आपदा प्रभावित परिवारों को राहत देने के लिए कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी और मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू आगामी 9 नवंबर को मंडी पहुंच सकते हैं। इस दौरान दोनों नेता पड्डल मैदान, मंडी में आयोजित राहत वितरण कार्यक्रम में शामिल होंगे, जहां आपदा में घर गंवाने वाले परिवारों को चार-चार लाख रुपए की राशि प्रदान की जाएगी।
राज्य सरकार ने इसके लिए 500 करोड़ रुपये का फंड मंजूर किया है। इस कार्यक्रम को लेकर मंडी, बिलासपुर और कुल्लू प्रशासन को शिमला से विशेष निर्देश जारी कर दिए गए हैं। कार्यक्रम में उन परिवारों को राहत राशि दी जाएगी जिनके मकान बरसात और बादल फटने की घटनाओं में पूरी तरह तबाह हो गए थे।
1817 घर तबाह, राहत वितरण अभियान की शुरुआत मंडी से
जानकारी के अनुसार, बरसात के दौरान 1817 घर पूरी तरह तबाह हो चुके हैं, जबकि 8023 घरों को आंशिक नुकसान पहुंचा है। मुख्यमंत्री सुक्खू ने घोषणा की है कि प्रभावित परिवारों को कुल 7 लाख रुपये की सहायता दी जाएगी — जिसमें पहले चरण में चार लाख रुपये के चेक मंडी से वितरित किए जाएंगे।
मंडी में मुख्यमंत्री का दौरा पहले 7 नवंबर को प्रस्तावित था, लेकिन राहुल गांधी के बिहार चुनाव प्रचार में व्यस्त होने के कारण कार्यक्रम अब 9 नवंबर को संभावित है।
बल्ह दौरा आगे बढ़ेगा
सीएम सुक्खू के मंडी दौरे के कारण 11 नवंबर को बल्ह के कंसा चौक में होने वाला कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया है। पूर्व मंत्री प्रकाश चौधरी ने बताया कि बल्ह दौरे की नई तिथि 17 या 18 नवंबर तय की जा सकती है।
मंडी में अब तक 752 करोड़ का नुकसान
जिला मंडी में बरसात और बादल फटने की घटनाओं से अब तक लगभग 752 करोड़ रुपये का नुकसान दर्ज किया गया है। जिले में 288 घर पूरी तरह से ढह गए, जबकि 593 घर आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुए हैं। राहत वितरण का यह कार्यक्रम प्रदेश सरकार के पुनर्वास अभियान की शुरुआत माना जा रहा है।

























