केलांग: हिमाचल प्रदेश के जिला मुख्यालय केलांग में 14 से 16 अगस्त 2026 तक आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय जनजातीय उत्सव-2026 की तैयारियां जोर-शोर से शुरू हो गई हैं। उत्सव के भव्य और सफल आयोजन के लिए जिला प्रशासन ने विभिन्न आवश्यक व्यवस्थाओं हेतु अल्प अवधि निविदाएं (Short Term Tenders) आमंत्रित की हैं।
30 जुलाई की पुरानी निविदा रद्द, नई प्रक्रिया शुरू
उपायुक्त एवं राज्य स्तरीय जनजातीय मेला समिति की अध्यक्ष किरण भड़ाना ने जानकारी देते हुए बताया कि 30 जुलाई 2026 को जारी की गई पूर्व निविदा सूचना तकनीकी त्रुटि के कारण निरस्त कर दी गई थी। इसके उपरांत अब संशोधित निविदा सूचना आधिकारिक रूप से जारी कर दी गई है। उन्होंने बताया कि इच्छुक योग्य फर्मों एवं ठेकेदारों से टेक्निकल बिड और फाइनेंशियल बिड अलग-अलग सीलबंद लिफाफों में निर्धारित प्रारूप के अनुसार आमंत्रित की गई हैं।
7 अगस्त दोपहर 12 बजे तक जमा होंगी निविदाएं
प्रशासनिक जानकारी के अनुसार, आवेदन करने की अंतिम तिथि 07 अगस्त 2026 को दोपहर 12 बजे तक तय की गई है। इच्छुक ठेकेदार उपायुक्त कार्यालय में अपनी निविदाएं जमा करवा सकते हैं। जमा की गई निविदाओं को उसी दिन अपराह्न 3 बजे प्रशासनिक समिति द्वारा खोला जाएगा। प्रत्येक निविदा के साथ 30 हजार रुपये की Earnest Money Deposit (EMD) बैंक ड्राफ्ट या एफडीआर के रूप में जमा कराना अनिवार्य होगा, जिसकी तिथि 05 अगस्त 2026 या उसके बाद की होनी चाहिए।
इन प्रमुख व्यवस्थाओं के लिए आमंत्रित किए टेंडर
इस निविदा के माध्यम से महोत्सव के लिए टेंट एवं अतिरिक्त बिस्तर व्यवस्था, लाइट एवं साउंड सिस्टम, ऑर्केस्ट्रा, टम्बोला तथा भोजन (कैटरिंग) व्यवस्था के लिए सेवाएं आमंत्रित की गई हैं।
उपायुक्त किरण भड़ाना ने बताया कि यदि किसी विशिष्ट मद में कम से कम तीन निविदाएं प्राप्त नहीं होती हैं, तो प्राप्त निविदाओं में सबसे कम राशि एवं शर्तों के आधार पर सक्षम समिति अंतिम निर्णय लेगी। निविदा से संबंधित विस्तृत विवरण और नियम-शर्तें जिला लाहौल एवं स्पीति की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध हैं।







