नालागढ़: शराब ठेके के बाहर पुलिस टीम पर हमला, नशे में धुत्त युवकों ने बरसाए डंडे-बोतल-ईंट, तीन कर्मचारी घायल

SHARE:

नालागढ़ में नशे में युवकों का पुलिस पर हमला, तीन घायल

नालागढ़। औद्योगिक क्षेत्र नालागढ़ के गांव खेड़ा में बुधवार रात एक गंभीर घटना सामने आई, जहां शराब ठेके के बाहर नशे में धुत्त दो युवकों ने पुलिस टीम पर अचानक हमला कर दिया। झगड़े की शिकायत पर मौके पर पहुंची थाना नालागढ़ पुलिस पर आरोपियों ने कांच की बोतलें, ईंट-पत्थर और डंडों से हमला किया। इस हमले में अन्वेषण अधिकारी अजय, होमगार्ड प्रताप चंद और राकेश घायल हो गए। हमले में सरकारी वाहन की पिछली विंडशील्ड भी टूट गई।

घटना यहीं नहीं रुकी। दोनों आरोपी बाद में थाना नालागढ़ तक जा पहुंचे और वहां गाली-गलौज करते हुए कैंची गेट तोड़ डाला। यह पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई।

मिली जानकारी के अनुसार, खेड़ा के शराब ठेके पर दोनों आरोपी नशे की हालत में आपस में लड़ाई कर रहे थे। पुलिस के पहुंचते ही वे भड़क उठे। दीपू नामक आरोपी ने कांच की बोतल उठाकर होमगार्ड प्रताप चंद पर हमला किया, जबकि श्यामा ने ईंट-पत्थर पुलिस टीम पर फेंकने शुरू कर दिए। आईओ अजय कुमार को रोकने पर दीपू ने टूटी बोतल से उनके बाएं कान पर वार कर दिया और पेट में वार करने की कोशिश की। दोनों ने मौके पर पड़े डंडों से भी हमला किया और अजय कुमार की वर्दी तक फाड़ डाली।

बीच-बचाव करने आए अरुण शर्मा को भी पीटा गया। सभी घायलों ने सीएचसी नालागढ़ में उपचार करवाया।
एसपी बद्दी विनोद धीमान ने कहा कि असामाजिक तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश कर चुकी है, जहां से उन्हें चार दिन का रिमांड मिला है।

Vivek Singh
Author: Vivek Singh

5
पंजाब में आई भयंकर बाढ़ का ज़िम्मेदार आप किसे मानते हैं?

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

राज्य