लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने सोमवार को पंजाब के अमृतसर और गुरदासपुर जिलों के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। उन्होंने अमृतसर के अजनाला विधानसभा क्षेत्र के घोनेवाल गांव में बाढ़ से प्रभावित लोगों से मुलाकात की और नुकसान का जायजा लिया। राहुल गांधी बाढ़ प्रभावित लोगों के बीच बैठकर उनकी परेशानियां सुनीं और उन्हें राहत कार्यों की जानकारी दी।

इसके बाद उन्होंने अमृतसर के ऐतिहासिक गुरुद्वारा बाबा बुड्ढा साहिब में मत्था टेकते हुए अरदास में भाग लिया। उन्हें वहां एक सिरोपा (सम्मान स्वरूप वस्त्र) भेंट किया गया। इस मौके पर छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री व कांग्रेस के पंजाब प्रभारी भूपेश बघेल और पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी भी मौजूद रहे।
राहुल गांधी ने गुरदासपुर जिले के डेरा बाबा नानक में स्थित बाढ़ प्रभावित गुरचक गांव का भी दौरा किया, जहां सांसद सुखजिंदर रंधावा ने उन्हें बाढ़ से प्रभावित खेत दिखाए। कांग्रेस ने सोशल मीडिया पर यह जानकारी साझा करते हुए लिखा कि राहुल गांधी ने प्रभावित परिवारों से बातचीत कर राहत कार्यों की समीक्षा की।
कांग्रेस विधायक परगट सिंह ने कहा कि राहुल गांधी ऐसे नेता हैं जो पंजाब के दर्द को गहराई से समझते हैं। कांग्रेस नेता नवजोत कौर सिद्धू ने बताया कि राहुल गांधी का यह दौरा सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
पंजाब दशकों में आई सबसे भयंकर बाढ़ की चपेट में है। सतलुज, व्यास और रावी नदियों का उफान, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में भारी वर्षा के कारण मौसमी नाले उफान पर हैं। राज्य में अब तक 56 लोगों की मौत हो चुकी है और 1.98 लाख हेक्टेयर फसलें बर्बाद हो गई हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 9 सितंबर को हवाई सर्वेक्षण कर बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लिया और राज्य के लिए अतिरिक्त 1,600 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता की घोषणा की। इससे पहले केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, एल मुरुगन और बी एल वर्मा ने भी प्रभावित इलाकों का दौरा कर स्थिति की समीक्षा की थी।

























