चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय हाईवे की खराब हालत को सुधारने के लिए 200 करोड़ रुपये की बड़ी योजना शुरू की जा रही है। इस योजना के तहत बरसात से खराब हुए मार्ग को 20 सितंबर से पहले वाहनों के लिए पुनः सुचारू रूप से चालू किया जाएगा। केंद्र सरकार फिर से इस हाईवे को फोरलेन बनाने की दिशा में कदम बढ़ा रही है।
पूर्व मुख्यमंत्री व नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर के साथ केंद्रीय परिवहन एवं सड़क राज्य मंत्री अजय टम्टा ने मंडी जिले के सराज विधानसभा क्षेत्र के आपदा प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान नेशनल हाईवे अथॉरिटी के वरिष्ठ अधिकारी और तकनीकी विशेषज्ञ भी उनके साथ मौजूद रहे। उन्होंने स्थानीय लोगों की शिकायतें और मांगें ध्यानपूर्वक सुनीं और संबंधित अधिकारियों को समस्या के त्वरित समाधान के निर्देश दिए।

जयराम ठाकुर और अजय टम्टा ने बालीचौकी क्षेत्र का दौरा कर राष्ट्रीय उच्च मार्ग-305 की स्थिति का निरीक्षण किया। उन्होंने तुरंत प्रभाव से राज्य लोक निर्माण विभाग को मार्ग को दुरुस्त करने के आदेश दिए। इसके अलावा माणी गांव में मेजर डिस्ट्रिक्ट रोड थाची की मरम्मत को जल्द पूरा करने और वैल्ली ब्रिज का प्राकलन तैयार करने के निर्देश भी दिए गए।
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने केंद्रीय मंत्री अजय टम्टा के दौरे पर आभार व्यक्त किया और कहा कि इससे राहत एवं पुनर्निर्माण कार्यों में तेजी आएगी। केंद्रीय मंत्री अजय टम्टा ने बताया कि हिमाचल प्रदेश में आई यह आपदा बेहद गंभीर और कष्टदायक रही है। कई लोगों की जानें गईं और हजारों करोड़ रुपये की संपत्ति क्षतिग्रस्त हुई है।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री ने स्वयं आपदा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया और राज्य के लिए 1,500 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता भी प्रदान की है। इसके अतिरिक्त एनडीआरएफ और एसडीआरएफ के तहत 200 करोड़ रुपये से अधिक का एडवांस फंड भी हिमाचल प्रदेश को गत शनिवार को अलग से उपलब्ध कराया गया है। यह कदम राज्य में आपदा पुनर्वास कार्यों को शीघ्र गति देने के लिए अहम साबित होगा।

























