मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने थुराल के बछवाड़ी गांव में हाल ही में आए भूस्खलन की घटना के बाद भारतीय सेना, कांगड़ा जिला प्रशासन और स्थानीय निवासियों की त्वरित और समन्वित प्रतिक्रिया की सराहना की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि फंसे हुए ग्रामीणों को सुरक्षित स्थलों पर सफलतापूर्वक निकाला गया है।

उन्होंने बताया कि 13 प्रभावित परिवारों के घरों से कीमती सामान और घरेलू वस्तुएं भी कठिन परिस्थितियों के बावजूद निकाली गई हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि सेना और जिला प्रशासन ने न केवल जान-माल की सुरक्षा की, बल्कि प्रभावित परिवारों में आशा की किरण जगाई और सेना तथा स्थानीय समुदाय के बीच विश्वास का बंधन और मजबूत किया।

मुख्यमंत्री का यह संकल्प है कि ऐसी आपदाओं के समय पूरी ताकत से प्रभावितों की मदद की जाएगी और हर चुनौती का सामना हिम्मत के साथ किया जाएगा।

























