डाडासीबा (हिमाचल प्रदेश): सोमवार सुबह डाडासीबा थाना क्षेत्र के गुराला मोड़ पर बड़ा हादसा हो गया। तलवाड़ा से बद्दी जा रही HRTC की सरकारी बस अचानक ब्रेक फेल होने से सड़क पर पलट गई। बस में स्कूली बच्चों, महिलाओं सहित लगभग 50 यात्री सवार थे।
हादसे में 37 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें कई की हालत नाजुक बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बस तेज रफ्तार में थी और मोड़ पर अचानक ब्रेक पूरी तरह फेल हो गए। चालक ने खाई में गिरने से बचाने के लिए बस को सड़क पर ही पलट दिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया लेकिन यात्रियों की चीख-पुकार से माहौल दहल उठा।

राहत और बचाव कार्य
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे। घायलों को निजी वाहनों और एंबुलेंस से सिविल अस्पताल डाडासीबा पहुंचाया गया। अस्पताल के सारे बेड हादसे के मरीजों से भर गए। डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ ने तुरंत इलाज शुरू किया। कई गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए टांडा मेडिकल कॉलेज रैफर किया गया।
पुलिस की कार्रवाई
डीएसपी डाडासीबा राजकुमार ने बताया कि पुलिस ने मौके का जायजा लिया है और हादसे की जांच शुरू कर दी है।
बस हादसे में घायल यात्री
हादसे में घायल होने वालों में कई स्कूली छात्र-छात्राएं, महिलाएं और युवक शामिल हैं। इनमें से अनीता (17), समीक्षा (17), वंशिका (17), श्रेया ठाकुर (16), नव्या (14), निकिता (16), इशिता (13), ममता (17), निम्नेश (17), कृष्ण (17), निशा (15), विशाखा (15), सोनम (15), नीरज (17), निखिल (17), अमित (22), शिवांगी (22), सौरभ (23), अरुण कुमार (19), सक्षम शर्मा (19), त्रिशला देवी (51), अनुभव (22) समेत अन्य लोग शामिल हैं।

























