जवाली (कांगड़ा)। विधानसभा क्षेत्र जवाली के हरनोटा पंचायत से ताल्लुक रखने वाले 27 वर्षीय एयरफोर्स जवान संजीव कुमार की अमृतसर में सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। संजीव कुमार, पुत्र जोगिंदर सिंह, करीब छह वर्ष पहले भारतीय वायुसेना में भर्ती हुए थे और वर्ष 2022 में उनका विवाह हुआ था।
जवान की मृत्यु की जानकारी मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। मां निर्मला देवी, पिता जोगिंदर सिंह और पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। पिता, जो मेहनत-मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं, गहरे सदमे में हैं और किसी से बात भी नहीं कर पा रहे हैं। पत्नी सरकारी अध्यापिका हैं, जो इस दुखद घटना से पूरी तरह टूट चुकी हैं।
जानकारी के अनुसार, संजीव कुमार बुधवार सुबह ड्यूटी समाप्त कर मोटरसाइकिल से क्वार्टर लौट रहे थे, तभी रास्ते में सड़क दुर्घटना हो गई। अमृतसर पुलिस द्वारा परिजनों को सूचना दी गई, जिसके बाद परिवार तुरंत अमृतसर के लिए रवाना हुआ। गुरुवार को जवान का पार्थिव शरीर घर पहुंचेगा और अंतिम संस्कार किया जाएगा।
गांव में शहीद जवान के घर पर लोगों का तांता लगा हुआ है और हर कोई परिवार को ढांढस बंधाने पहुंच रहा है।
























