नई दिल्ली। मिस यूनिवर्स 2025 प्रतियोगिता में मैक्सिको की फातिमा बॉश ने खिताब जीतकर इतिहास रच दिया। शुक्रवार को घोषित हुए रिजल्ट में फातिमा को विजेता चुना गया। फर्स्ट रनर-अप मिस थाईलैंड रहीं, जबकि भारत की प्रतिनिधि मनिका विश्वकर्मा स्विमसूट राउंड के बाद बाहर हो गईं और टॉप 12 में स्थान नहीं बना सकीं।
फातिमा बॉश का जन्म 19 मई 2000 को विल्लाहेरमोसा, मैक्सिको में हुआ। मात्र छह साल की उम्र में वे डिस्लेक्सिया, एडीएचडी और हाइपरएक्टिविटी जैसी चुनौतियों से जूझने लगी थीं, लेकिन उन्होंने कभी हार नहीं मानी। 17 वर्ष की आयु में उन्होंने फ्लोर तबास्को का खिताब जीता और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर अपनी पहचान बनाई।
फातिमा पिछले नौ वर्षों से कैंसर से पीड़ित बच्चों के लिए काम कर रही हैं। उनकी सामाजिक सेवाओं ने उन्हें दुनिया भर में विशेष पहचान दिलाई है।
हाल ही में, 4 नवंबर की सैशिंग सेरेमनी के दौरान फातिमा और थाईलैंड पेजेंट डायरेक्टर नवात इत्साराग्रिसिल के बीच विवाद भी सुर्खियों में रहा। रिपोर्ट्स के मुताबिक, डायरेक्टर ने फातिमा को “बेवकूफ” कहकर डांटा था, जिस पर फातिमा ने आपत्ति जताई और कहा कि यह महिलाओं का अपमान है। विवाद इतना बढ़ा कि डायरेक्टर ने सुरक्षा कर्मियों को उन्हें बाहर निकालने का आदेश भी दे दिया था। इसके बावजूद फातिमा का मिस यूनिवर्स जीतना चर्चा का विषय बना हुआ है।
भारत की मनिका विश्वकर्मा की प्रतियोगिता से जल्दी विदाई ने भारतीय फैंस को निराश किया, लेकिन उनकी सहभागिता सराहनीय रही।
























