मोहाली में इमिग्रेशन फर्जीवाड़े के खिलाफ पीड़ितों ने खोला मोर्चा, लाखों रुपये ठगने का आरोप

SHARE:

मोहाली: पंजाब के मोहाली से विदेश भेजने के नाम पर बड़े फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है। विदेश जाने का सपना देखने वाले युवाओं से लाखों-करोड़ों रुपये की ठगी करने वाली कंपनियों के खिलाफ पीड़ितों ने मोहाली के फेज 3 में जमकर प्रदर्शन और नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि अमरजीत नामक एक मुख्य एजेंट ने अलग-अलग नामों से कई इमिग्रेशन कंपनियां खोल रखी हैं और वह देश भर के युवाओं को अपना शिकार बना रहा है।

अलग-अलग नामों से चल रहा था ठगी का नेटवर्क

पीड़ितों के अनुसार, यह आरोपी एजेंट ‘वीजा पैलेस’, ‘वीजा क्वीन’, ‘न्यू होराइजन’, ‘वीजा वॉल्ट’, ‘मिशन अब्रॉड’ और ‘अल्फा ब्राइट ग्लोबल सॉल्यूशन’ जैसे कई नामों से फर्जी दफ्तर चला रहा है। दिल्ली, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और पंजाब के जालंधर समेत कई इलाकों से आए पीड़ितों ने मोहाली में इकट्ठा होकर विरोध जताया। पीड़ितों ने बताया कि उन्हें न्यूजीलैंड, लक्ज़मबर्ग, जर्मनी, यूके, नीदरलैंड और अल्बानिया जैसे देशों के फर्जी वर्क परमिट व वीजा का झांसा देकर 4 लाख से 8 लाख रुपये तक ऑनलाइन व कैश ऐंठ लिए गए।

नकली टिकट, फर्जी अपॉइंटमेंट और बाउंसरों की धमकी

पीड़ितों का कहना है कि ठगों ने हद तब पार कर दी जब 15 अगस्त (सरकारी छुट्टी) के दिन भी एम्बेसी अपॉइंटमेंट तय करने का दावा किया गया। जब पीड़ितों ने काम में देरी होने पर अपने पैसे वापस मांगे, तो उन्हें पूरी तरह नकली फ्लाइट टिकट थमा दिए गए। प्रदर्शनकारियों ने यह भी आरोप लगाया कि दफ्तरों में 6-7 हथियारबंद बाउंसर तैनात किए गए हैं, जो पैसे मांगने आने वाले पीड़ितों को डराते-धमकाते हैं और दफ्तर से भगा देते हैं।

पुलिस प्रशासन से कार्रवाई की गुहार

पीड़ितों ने बताया कि उन्होंने पंजाब पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों, डीजीपी, सीपी और मोहाली के एसएसपी को 80 से अधिक ईमेल और लिखित शिकायतें भेजी हैं, लेकिन अभी तक किसी भी संबंधित विभाग द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। पीड़ितों ने सरकार और प्रशासन से मांग की है कि इस फर्जी इमिग्रेशन नेटवर्क पर तुरंत शिकंजा कसा जाए, आरोपियों को गिरफ्तार किया जाए और उनके गाढ़ी कमाई के पैसे वापस दिलवाए जाएं।

Jantak khabar
Author: Jantak khabar

5
पंजाब में आई भयंकर बाढ़ का ज़िम्मेदार आप किसे मानते हैं?

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

राज्य