पंजाब एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स ने विदेशी गैंगस्टरों के करीबी सहयोगी विक्की निहंग को दबोचा
पंजाब पुलिस की एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए गुरप्रीत सिंह उर्फ विक्की निहंग को गिरफ्तार कर लिया। वह विदेशी गैंगस्टरों डॉनी बल और मुन घंसीपुरिया का करीबी सहयोगी बताया जा रहा है। गिरफ्तारी लुधियाना ग्रामीण इलाके में पुलिस और आरोपी के बीच हुई मुठभेड़ के बाद हुई।
हत्या के मामले में वांछित था आरोपी
डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि विक्की निहंग सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर कार्तिक बग्गन की हत्या के मामले में वांछित था। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि उसका आपराधिक इतिहास रहा है। जनवरी 2025 में मोहाली से भी उसे दो अवैध विदेशी पिस्तौल के साथ पकड़ा गया था।
विदेशी गैंगस्टरों से सीधे संपर्क
पुलिस जांच के अनुसार, विक्की निहंग और उसके सहयोगियों को विदेश बैठे उनके हैंडलर्स द्वारा पंजाब में बड़ी हत्याएं अंजाम देने के निर्देश मिले थे। हालांकि, इस गिरफ्तारी से उन साजिशों को नाकाम कर दिया गया।
पुलिस की बड़ी सफलता
डीजीपी ने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर लिखा— “पंजाब एजीटीएफ ने बड़ी सफलता हासिल की है। फरार विदेशी गैंगस्टरों के सहयोगी गुरप्रीत सिंह उर्फ विक्की निहंग को लुधियाना ग्रामीण क्षेत्र में मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया।”


























