स्टाफ रिपोर्टर — शिमला
हिमाचल प्रदेश पुलिस विभाग की बी-वन परीक्षा अब 9 नवंबर को दो शिफ्टों में आयोजित की जाएगी। विभाग ने परीक्षा की नई तिथि घोषित कर दी है और तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
पहली शिफ्ट सुबह 10:00 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक और दूसरी शिफ्ट दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक होगी। यह परीक्षा पुलिस कांस्टेबलों को हेड कांस्टेबल के पद पर पदोन्नति देने के लिए आयोजित की जाती है।
इस परीक्षा को लगभग आठ साल बाद आयोजित किया जा रहा है। प्रदेशभर से करीब 4,500 पुलिस कर्मियों ने आवेदन किया है, जिनमें से 877 अभ्यर्थियों को पदोन्नति दी जाएगी।
26 अक्टूबर को तकनीकी समस्याओं के कारण रद्द हुई थी परीक्षा
इससे पहले 26 अक्टूबर को ऑनलाइन मोड में परीक्षा शुरू की गई थी, लेकिन सॉफ्टवेयर में लगातार तकनीकी गड़बड़ियों और सर्वर क्रैश की वजह से परीक्षा रद्द करनी पड़ी थी। राज्यभर के 14 परीक्षा केंद्रों पर उम्मीदवार सुबह से पहुंच गए थे, पर लॉगिन और डाटा लोड नहीं होने से परीक्षा बीच में रोकनी पड़ी।
पुलिस मुख्यालय ने कहा है कि इस बार परीक्षा से पहले सॉफ्टवेयर और सर्वर सिस्टम की सभी तकनीकी खामियों को दूर कर लिया जाएगा, ताकि परीक्षा बिना किसी व्यवधान के सम्पन्न हो सके। सभी जिलों को परीक्षा संबंधी निर्देश जारी कर दिए गए हैं और तैयारियां चल रही हैं।

























