चंबा उपमंडल के आपदा प्रभावित क्षेत्रों का रविवार को दौरा करने पहुंचे मुख्यमंत्री राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला ने वहां की परिस्थितियों का सीधा जायजा लिया। उन्होंने प्रभावित लोगों की समस्या सुनी और संबंधित विभागों को जल्द से जल्द राहत कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

राज्यपाल ने ग्राम पंचायत करियां में राष्ट्रीय राजमार्ग के भूस्खलन प्रभावित हिस्से का निरीक्षण किया। इसके अलावा कालसुइन, घरवाला और लोहटल घर के राष्ट्रीय राजमार्ग के क्षतिग्रस्त हिस्सों का भी उन्होंने जायजा लिया। घरवाला के समीप ऐतिहासिक और धार्मिक स्थल त्रिलोचन महादेव मंदिर में जाकर राज्यपाल ने लोगों की खुशहाली और भलाई की कामना की।
चंबा के उपायुक्त मुकेश रिपस्वाल ने राज्यपाल को आपदा के कारण हुए नुकसान और पुनर्स्थापना के लिए जिला प्रशासन द्वारा उठाए गए कदमों की जानकारी दी। इस मौके पर विधायक नीरज नायर, विपिन परमार, डॉ. जानक राज, डी.एस. ठाकुर, भाजपा जिला अध्यक्ष धीरज नर्याल, राज्यपाल के सचिव सी.पी. वर्मा, एसपी अभिषेक यादव, विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी और राष्ट्रीय हाइड्रोइलेक्ट्रिक पावर कॉरपोरेशन के अधिकारी भी मौजूद थे।

























