होशियारपुर पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पाकिस्तान से आई 1 किलो 100 ग्राम हेरोइन के साथ तीन कथित तस्करों को गिरफ्तार किया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) संदीप कुमार मलिक (आईपीएस) के निर्देश पर जिले में नशा विरोधी विशेष मुहिम चलाई जा रही है। इसी अभियान के तहत एसपी (पीबीआई) मेजर सिंह और डीएसपी टांडा दविंदर सिंह की अगुवाई में टांडा पुलिस को यह बड़ी सफलता मिली।
इंस्पेक्टर गुरिंदरजीत सिंह नागरा, थाना टांडा प्रभारी ने बताया कि पुलिस टीम तलवंडी सल्ला रोड पर गांव मानपुर टी-पॉइंट के पास नाका लगाकर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान इनोवा कार (PB-11-CL-6094) पुलिस को देखकर पीछे मोड़ने लगी लेकिन कच्चे रास्ते में फंस गई।
कार में बैठे तीन युवक भागने की कोशिश करने लगे, लेकिन पुलिस ने उन्हें मौके पर काबू कर लिया। पूछताछ में तीनों की पहचान इस प्रकार हुई —
1️⃣ बलविंदर सिंह उर्फ वड्डा, पुत्र गुरचंद सिंह, निवासी गांव गुडाणा, थाना सोहाणा, जिला मोहाली
2️⃣ जशनदीप सिंह उर्फ जशन, पुत्र मनमोहन सिंह, निवासी कोटली जंड, थाना टांडा, जिला होशियारपुर
3️⃣ बलबीर खान, पुत्र हलीम खान, निवासी गुडाणा, थाना सोहाणा, जिला मोहाली
पुलिस ने कार की तलाशी के दौरान डैशबोर्ड बॉक्स से मोमी लिफाफे में रखे दो पीले पार्सल बरामद किए। जब पैकिंग खोली गई तो उसमें से भूरे रंग का हेरोइन जैसा पदार्थ निकला। कुल 1 किलो 100 ग्राम नशीला पदार्थ बरामद किया गया।
तीनों आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड हासिल किया जाएगा, ताकि सप्लाई नेटवर्क की गहराई से जांच की जा सके।


























