चंडीगढ़ :
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने सोमवार को कहा कि हाल ही में आई बाढ़ से राज्य में 3200 सरकारी स्कूल और 19 कॉलेज गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हुए हैं। इसके अलावा 8500 किलोमीटर सड़कें, 2500 पुल और पांच लाख एकड़ फसलें भी नष्ट हो गईं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस भीषण आपदा के बावजूद पंजाब के लोगों ने अद्भुत साहस और एकजुटता का परिचय दिया। उन्होंने विशेष रूप से उन शिक्षकों की प्रशंसा की, जिन्होंने कठिन परिस्थितियों में भी अपने विद्यार्थियों और समाज की सेवा जारी रखी।

विश्व शिक्षक दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में CM मान ने कहा कि “शिक्षण कोई पेशा नहीं, बल्कि भविष्य निर्माण का एक मिशन है।” उन्होंने शिक्षकों से आह्वान किया कि वे नई पीढ़ी को पंजाब की गौरवशाली विरासत और सांस्कृतिक धरोहर से परिचित कराएं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार ने 55 वर्षों बाद श्री आनंदपुर साहिब में तख्त श्री केसगढ़ साहिब तक जाने वाले विरासत मार्ग के निर्माण कार्य की भी शुरुआत की है। उन्होंने कहा कि शिक्षकों का सम्मान कर हम वास्तव में राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका को स्वीकार कर रहे हैं।


























