सर्व कल्याणकारी ट्रस्ट समाज सेवा एवं आम जनता के स्वास्थ्य सुधार के लिए लगातार सक्रिय है। इसी कड़ी में ट्रस्ट द्वारा दो बड़े निःशुल्क मेगा मेडिकल कैंप आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें मरीजों को विशेषज्ञ डॉक्टरों से मुफ्त जांच, परामर्श और आवश्यक दवाइयां उपलब्ध कराई जाएंगी।

🏥 पहला कैंप – चंडीगढ़
पहला मेडिकल कैंप 14 सितंबर, रविवार को चंडीगढ़ के सेक्टर-45 स्थित सामुदायिक केंद्र हॉल में आयोजित होगा। इस कैंप में आंख, ईएनटी (कान, नाक, गला), एवं त्वचा संबंधी रोगों का नि:शुल्क परीक्षण और परामर्श पीजीआई के विशेषज्ञ डॉक्टर करेंगे। ट्रस्ट अध्यक्ष अभिषेक राणा ने बताया कि इस मेडिकल कैंप में दवाइयां भी पूरी तरह से नि:शुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी। कार्यक्रम में वरिष्ठ भाजपा नेता संजय टंडन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
🏥 दूसरा कैंप – ऊना
दूसरा विशाल मेगा मेडिकल कैंप 21 सितंबर, रविवार को ऊना के सुविधा पैलेस में आयोजित होगा। इस कैंप में देश के प्रख्यात हड्डी रोग विशेषज्ञ एवं एम्स ऋषिकेश के अध्यक्ष डॉ. राजबहादुर (जो ऊना जिला के निवासी हैं) स्वयं मरीजों को परामर्श देंगे। इसके साथ-साथ PGIMER चंडीगढ़ के अन्य विशेषज्ञ डॉक्टर भी हड्डी रोग, आंख, त्वचा और ईएनटी संबंधी समस्याओं की जांच करेंगे। जरूरतमंद मरीजों को नि:शुल्क दवाइयां भी प्रदान की जाएंगी। इस अवसर पर विधायक सतपाल सिंह सत्ती मुख्य अतिथि के रूप में और पूर्व विधायक देवेंद्र कुमार भुट्टो व ऊना जनहित मोर्चा के चेयरमैन हरिओम गुप्ता विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
🌟 विशेष जानकारी
अभिषेक राणा ने बताया कि पहले भी सर्व कल्याणकारी ट्रस्ट ने ट्राइबल जिला लाहौल-स्पीति समेत प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में बड़े पैमाने पर निशुल्क मेगा मेडिकल कैंप का आयोजन किया है। इसके माध्यम से विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं लोगों तक पहुंचाई गई हैं ताकि उन्हें महंगे अस्पतालों तक जाने की आवश्यकता न पड़े।
🕗 पंजीकरण और अपील
इन दोनों मेगा मेडिकल कैंप में पंजीकरण प्रातः 8 बजे से शुरू होगा। सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं ताकि मरीजों को बेहतर सुविधा मिल सके। ट्रस्ट ने आम जनता से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में इन निशुल्क शिविरों का लाभ उठाएं।
अभिषेक राणा ने कहा कि इन कैंपों से सैकड़ों मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं घर के नजदीक मिलेंगी और इससे क्षेत्रवासियों की स्वास्थ्य समस्याओं का समाधान होगा।

























