पटना। बिहार में महागठबंधन के भीतर चल रही तकरार को दूर करने के लिए कांग्रेस नेता अशोक गहलोत ने बुधवार को राजद नेता तेजस्वी यादव से मुलाकात की। इस बैठक में सीट बंटवारे पर सकारात्मक चर्चा हुई और गहलोत ने भरोसा जताया कि महागठबंधन एकजुट होकर चुनाव लड़ेगा।
गहलोत ने कहा कि राहुल गांधी और तेजस्वी यादव मिलकर चुनाव प्रचार शुरू करेंगे। उन्होंने माना कि कुछ सीटों पर दोस्ताना मुकाबला संभव है, लेकिन गठबंधन का उद्देश्य एनडीए को हराना है।
कांग्रेस के बिहार प्रभारी कृष्णा अल्लावरू ने बताया कि बैठक में रणनीति और भविष्य की योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। उन्होंने कहा कि गुरुवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में सभी विवरण साझा किए जाएंगे।
इस बीच, कैमूर जिले की मोहनियां विधानसभा सीट से महागठबंधन उम्मीदवार श्वेता सुमन का नामांकन रद्द कर दिया गया। उन्होंने इसे राजनीतिक साजिश बताते हुए चुनाव आयोग से न्याय की मांग की है।

























