नई दिल्ली। टीम इंडिया के युवा सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल ने वेस्टइंडीज के खिलाफ दिल्ली टेस्ट के पहले दिन इतिहास रच दिया। जायसवाल ने शानदार नाबाद 173 रन की पारी खेलते हुए कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम किए। वहीं, साथी बल्लेबाज साई सुदर्शन ने भी 87 रनों की बेहतरीन अर्धशतकीय पारी खेली। पहले दिन का खेल खत्म होने तक भारत ने दो विकेट पर 318 रन बनाकर मजबूत स्थिति हासिल कर ली थी।
मैच की शुरुआत में भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। ओपनर केएल राहुल और यशस्वी जायसवाल ने टीम को 58 रनों की ठोस शुरुआत दी। दिन का खेल खत्म होने तक जायसवाल (नाबाद 173) और कप्तान शुभमन गिल (20)* क्रीज पर डटे हुए थे।
जायसवाल ने तोड़ा ग्रीह्म स्मिथ का विश्व रिकॉर्ड
23 साल की उम्र में टेस्ट ओपनर के रूप में सबसे ज्यादा शतक जड़ने का रिकॉर्ड अब यशस्वी जायसवाल के नाम हो गया है। उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के पूर्व कप्तान ग्रीह्म स्मिथ को पीछे छोड़ दिया, जिन्होंने 23 साल की उम्र में सात शतक बनाए थे। जायसवाल अब टेस्ट इतिहास में इस उम्र में सबसे ज्यादा अंतरराष्ट्रीय शतक लगाने वाले तीसरे बल्लेबाज बन गए हैं।
इसके साथ ही जायसवाल भारत के लिए सबसे तेज तीन हजार अंतरराष्ट्रीय रन बनाने वाले दूसरे खिलाड़ी भी बन गए हैं। उन्होंने यह उपलब्धि 71वीं पारी में हासिल कर सौरव गांगुली का रिकॉर्ड तोड़ा।

























