महाराजा रणजीत सिंह प्रिपरेटरी इंस्टीट्यूट के 47 कैडेटों ने एनडीए परीक्षा में हासिल की शानदार सफलता
पंजाब सरकार ने कैडेटों को दी बधाई, अमन अरोड़ा ने कहा- “ये पंजाब का गौरव”

चंडीगढ़, 2 अक्टूबर: महाराजा रणजीत सिंह आर्म्ड फोर्सेज प्रिपरेटरी इंस्टीट्यूट, मोहाली के 47 कैडेटों ने एनडीए-156 कोर्स के लिए नेशनल डिफेंस एकेडमी (एनडीए) की लिखित परीक्षा पास कर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। यूपीएससी द्वारा बुधवार को जारी किए गए परिणामों के अनुसार, संस्थान ने 82.45% की रिकॉर्ड सफलता दर हासिल की है।
पंजाब के रोजगार उत्पत्ति, कौशल विकास और प्रशिक्षण मंत्री श्री अमन अरोड़ा ने इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर कैडेटों को बधाई देते हुए कहा, “ये कैडेट पंजाब का गौरव हैं। मैं उन्हें एसएसबी इंटरव्यू और आगे की ट्रेनिंग के लिए शुभकामनाएं देता हूं।”
संस्थान के निदेशक मेजर जनरल (सेवानिवृत्त) अजय एच. चौहान ने बताया कि यह संस्थान की अब तक की सर्वश्रेष्ठ सफलता दर है। उन्होंने कहा, “कैडेट अब जल्द ही सर्विसेज सेलेक्शन बोर्ड (एसएसबी) इंटरव्यू के लिए तैयारी करेंगे। संस्थान के शिक्षकों और स्टाफ के समर्पित प्रयासों ने यह सफलता संभव बनाई है।”
उल्लेखनीय है कि इस संस्थान की स्थापना से अब तक 179 पूर्व छात्र रक्षा सेवाओं में कमीशंड अधिकारी बन चुके हैं। संस्थान ने हाल ही में एएफसीएटी परीक्षा में भी शानदार प्रदर्शन किया है, जहां नौ में से सात कैडेट्स सफल रहे हैं।


























