मैडॉक हॉरर कॉमेडी यूनिवर्स का नया धमाका: एनिमेटेड फिल्म ‘छोटी स्त्री’ बनाएगी स्त्री 3 की राह, खुलेगा स्त्री का बैकस्टोरी रहस्य
मैडॉक हॉरर कॉमेडी यूनिवर्स अब एक नए और रोमांचक मोड़ पर पहुंचने वाला है – और इस बार कहानी होगी एनिमेटेड अंदाज़ में। फिल्म ‘थम्मा’ के ट्रेलर लॉन्च इवेंट पर अभिनेत्री श्रद्धा कपूर ने खुलासा किया कि यूनिवर्स की आने वाली एनिमेटेड फिल्म ‘छोटी स्त्री’ न केवल बच्चों और परिवारों के लिए मनोरंजन लेकर आएगी, बल्कि स्त्री 3 की कहानी को सेट-अप करने में भी अहम भूमिका निभाएगी।
श्रद्धा कपूर ने कहा, “जब डीनू (दिनेश विजन) ने मुझे इसके बारे में बताया तो मैंने कहा – सच में आपका नाम डीनू विज़न ही होना चाहिए। यह मेरी फेवरेट फिल्म है और इसे लेकर मैं बेहद एक्साइटेड हूं।”
निर्माता दिनेश विजन ने बड़ा खुलासा करते हुए कहा कि ‘छोटी स्त्री’ सिर्फ एक स्पिन-ऑफ नहीं है, बल्कि यह स्त्री 3 की कहानी से सीधे जुड़ी हुई है। उन्होंने कहा, “सबसे एक्साइटिंग हिस्सा यह है कि ‘छोटी स्त्री’ का एंडिंग सीन सीधे स्त्री 3 से जुड़ जाएगा। एनिमेशन से लाइव-एक्शन में ट्रांजिशन होगा और आखिरकार दर्शकों को यह भी पता चलेगा कि स्त्री की बैकस्टोरी क्या है।”
यह फिल्म स्त्री 3 से छह महीने पहले रिलीज़ होगी और इसके जरिए यूनिवर्स को और गहराई मिलेगी।

स्त्री फ्रैंचाइज़ का इतिहास
2018 में रिलीज़ हुई स्त्री राजकुमार राव और श्रद्धा कपूर की मुख्य भूमिकाओं वाली फिल्म थी, जो लगभग ₹20 करोड़ के बजट में बनी थी और इसने दुनिया भर में ₹180 करोड़ से ज्यादा की कमाई की।
इसके बाद स्त्री 2 ने सभी उम्मीदों को पार करते हुए 35 दिनों में ही ₹801.15 करोड़ से अधिक का कलेक्शन कर लिया। साथ ही रूही और भेड़िया जैसी स्पिन-ऑफ फिल्मों के साथ मैडॉक हॉरर कॉमेडी यूनिवर्स अब तक ₹1,000 करोड़ से ज्यादा का कलेक्शन कर चुका है।
इसी बीच थम्मा, जिसमें आयुष्मान खुराना, रश्मिका मंदाना और नवाजुद्दीन सिद्दीकी मुख्य भूमिकाओं में हैं, 21 अक्टूबर को रिलीज़ होने वाली है।


























