केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को बिहार के सासाराम में आयोजित क्षेत्रीय बैठक में केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों को गिनाया और भाजपा कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे इन योजनाओं और कामों को घर-घर तक पहुंचाएं। इस दौरान मंच पर बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, भाजपा नेता विनोद तावड़े, राष्ट्रीय मंत्री ऋतुराज सिन्हा, मंत्री प्रेम कुमार, मंत्री संतोष कुमार सिंह और पूर्व सांसद गोपाल नारायण सिंह भी मौजूद थे।
अमित शाह ने अपने संबोधन में राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने राहुल गांधी की वोटर अधिकार यात्रा को “घुसपैठिया बचाओ यात्रा” करार दिया। शाह ने कहा कि राहुल गांधी की बिहार यात्रा का मकसद न तो शिक्षा, न रोजगार, न बिजली और न ही सड़क विकास था, बल्कि उनका उद्देश्य बांग्लादेशी घुसपैठियों को बचाना था। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या घुसपैठियों को मुफ्त राशन, रोजगार, वोट का अधिकार और पांच लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज मिलना चाहिए? शाह ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी युवाओं के अधिकार छीनकर इन्हें घुसपैठियों को देना चाहते हैं।
गृह मंत्री ने पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव को भी आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि अगर लालू यादव पूरी जिंदगी भी मुख्यमंत्री रहें, तब भी उतना विकास नहीं कर सकते, जितना एनडीए सरकार ने किया है। उन्होंने चारा घोटाला, अलकतरा घोटाला और लैंड फॉर जॉब घोटाले का जिक्र करते हुए कहा कि लालू शासन में हुए इन भ्रष्टाचारों ने बिहार को पिछड़ा कर दिया।

























