जालंधर: जालंधर पुलिस कमिश्नरेट ने अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने तीन कुख्यात गैंगस्टरों को अवैध हथियारों सहित गिरफ्तार किया है। नाके के दौरान हुई इस कार्रवाई में एक आरोपी मुठभेड़ में घायल हुआ, जिसे इलाज के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस कमिश्नर धनप्रीत कौर ने बताया कि डीसीपी जांच मनप्रीत सिंह ढिल्लों, एडीसीपी जांच जयंत पुरी, एडीसीपी भावगी नैत, एसीपी अमरबीर सिंह और इंस्पेक्टर सुरिंदर कुमार की अगुवाई में सीआईए स्टाफ जालंधर ने 22 अक्तूबर को गांव सलेमपुर मसंदा में नाकाबंदी की थी।
नाकाबंदी के दौरान प्रेस स्टिकर लगी एक कार को रोकने पर उसमें सवार आरोपियों ने पुलिस पार्टी पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक आरोपी गोली लगने से घायल हुआ।
पुलिस ने मौके से एक अवैध पिस्तौल, दो जिंदा कारतूस और तीन खाली खोखे बरामद किए हैं। पकड़े गए तीनों आरोपियों पर थाना रामामंडी में मुकदमा संख्या 304 धारा 221, 132, 109 बीएनएस और 25(1)बी/54-59 आम्र्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी जग्गू भगवानपुरिया गिरोह से जुड़े हुए हैं और झगड़े, लूट तथा हत्या के प्रयास जैसी वारदातों में संलिप्त रहे हैं। पुलिस अब गैंग के नेटवर्क की कड़ियां खंगालने में जुटी हुई है।

























