स्टाफ रिपोर्टर — मोहाली
मोहाली पुलिस ने लापता व्यक्ति अनिल कुमार की हत्या के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक आरोपी फरार है। यह मामला लगभग एक महीने पुरानी रंजिश से जुड़ा निकला, जिसमें एक युवती के साथ मारपीट को लेकर विवाद हुआ था।
एसपी सिटी दिलप्रीत सिंह (IPS) और डीएसपी सिटी-2 हरसिमरन सिंह बल ने बताया कि 29 अक्टूबर को फेज-8 थाने में अनिल कुमार के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज हुई थी। मामला गंभीर होने पर एसएचओ सतनाम सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम बनाई गई।
जांच के दौरान पता चला कि अनिल कुमार की हत्या कर दी गई है और शव को ठिकाने लगा दिया गया है। इसके बाद पुलिस ने 3 नवंबर को दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर मृतक का शव चंडीगढ़ सेक्टर-53 के जंगल क्षेत्र से बरामद किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान छोटे लाल उर्फ नीरज और बादल, दोनों निवासी गांव कजहेड़ी, चंडीगढ़ के रूप में हुई है। तीसरा आरोपी साहिल कबाड़िया अभी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
हत्या की वजह बनी पुरानी रंजिश
पुलिस के मुताबिक कजहेड़ी गांव की एक युवती से जुड़े विवाद के कारण यह हत्या की गई। मृतक ने करीब एक महीने पहले उस लड़की के साथ मारपीट की थी। इसी रंजिश में आरोपियों ने अनिल कुमार की हत्या करने की साजिश रची।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को रिमांड पर लिया है और पूछताछ में अन्य नाम सामने आने पर कार्रवाई की जाएगी।

























