यरुशलम: इज़राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने गुरुवार को घोषणा की कि गाज़ा में बंधकों की तत्काल रिहाई के लिए बातचीत शुरू की जाएगी। साथ ही उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि युद्ध तभी समाप्त होगा जब सभी बंधक एक साथ रिहा किए जाएंगे।
गाज़ा मोर्चे पर तैनात सैनिकों से सीधे बात करते हुए नेतन्याहू ने कहा कि उन्होंने गाज़ा सिटी पर कब्ज़ा जमाने और हमास को परास्त करने की योजनाओं को मंजूरी दे दी है। उन्होंने कहा,
“हम निर्णायक विजय के चरण में हैं। मैंने गाज़ा डिवीजन आकर उन योजनाओं को स्वीकृति दी है, जो आईडीएफ (इज़राइल डिफेंस फोर्स) और रक्षा मंत्री ने हमें प्रस्तुत की थीं। हमारा लक्ष्य गाज़ा सिटी पर नियंत्रण और हमास की हार है।”

इसके साथ ही उन्होंने बंधकों की रिहाई और युद्ध के अंत को “इज़राइल के लिए स्वीकार्य शर्तों” से जोड़ते हुए कहा, “हमारे सभी बंधकों की रिहाई और हमास की हार – ये दोनों बातें साथ-साथ चलेंगी।”
नेतन्याहू ने आरक्षित सैनिकों की व्यापक तैनाती की सराहना करते हुए इसे “राष्ट्र की निर्णायक ज़िम्मेदारी” करार दिया।
इज़राइल ने इस युद्ध रणनीति के तहत अब तक 60,000 से अधिक रिज़र्व सैनिकों को बुलाया है और गाज़ा सिटी में सैन्य दबाव बनाए रखा है, जबकि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इसकी आलोचना जारी है।
इधर, हमास ने 60 दिन के युद्धविराम का प्रस्ताव स्वीकार कर लिया है, जिसमें 10 जीवित बंधकों और 18 शवों की अदला-बदली के बदले लगभग 200 फ़िलिस्तीनी क़ैदियों की रिहाई शामिल है। लेकिन इज़राइल ने अब तक औपचारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है और दोहराया है कि सभी शेष बंधकों को एक साथ छोड़े बिना कोई समझौता संभव नहीं होगा।

























